Una News: ऊना में अप्रैल माह में 41 ग्राम हेरोइन बरामद
ऊना। जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। अप्रैल माह के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 41 ग्राम हेरोइन बरामद की। यह आंकड़ा भले ही छोटा लगे लेकिन इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और बढ़ती पहुंच ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार नशा तस्कर पंजाब से सटे क्षेत्रों का फायदा उठाते हुए ऊना के गुप्त और कम इस्तेमाल होने वाले रास्तों का सहारा ले रहे हैं। इन रास्तों के जरिये नशे की खेप को प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे कानून व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी हो रही है।जानकारी के अनुसार सबसे अधिक चिट्टा अंब क्षेत्र में पकड़ा जा रहा है। यहां अप्रैल माह में 23.135 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया। वहीं टाहलीवाल में 10.036 ग्राम, मैहतपुर में 6.030 और गगरेट में 2.025 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई। उक्त सभी क्षेत्रों से कुल 41.226 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई। पुलिस ने इसमें पांच मामले दर्ज किए हैं। बताया जा रहा है कि खासकर होशियारपुर से नशे की खरीद कर उसे हिमाचल के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं। हालांकि पुलिस और संबंधित एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है लेकिन नशे के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि नशे के खिलाफ जंग को जीतने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई नहीं बल्कि समाज, अभिभावकों और युवाओं की जागरूक भागीदारी भी जरूरी है। सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी, खुफिया तंत्र की मजबूती और जनजागरूकता अभियान ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण ला सकते हैं। स्थानीय लोगों को जहां भी नशा तस्करी की सूचना मिले, पुलिस से साझा करें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 23, 2026, 00:00 IST
Una News: ऊना में अप्रैल माह में 41 ग्राम हेरोइन बरामद #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
