Kurukshetra News: वृद्ध सेवा स्वास्थ्य शिविरों में 300 वरिष्ठ नागरिकों को मिला निशुल्क इलाज
कुरुक्षेत्र। जिला आयुष विभाग की ओर से जिले के आयुष संस्थानों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित वृद्ध सेवा स्वास्थ्य शिविरों में 300 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क इलाज और देखभाल की सुविधा मिली। प्रत्येक गुरुवार को आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य बुजुर्गों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में न जाना पड़े।जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि शिविरों में आयुष डॉक्टरों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य मौसमी व पुरानी बीमारियों की जांच की जाती है। इसके बाद जरूरत के अनुसार निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां और व्यक्तिगत चिकित्सा परामर्श दिया जाता है।उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को संतुलित आहार-विहार, ऋतुचर्या, दिनचर्या और नियमित योग व प्राणायाम के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 23, 2026, 02:07 IST
Kurukshetra News: वृद्ध सेवा स्वास्थ्य शिविरों में 300 वरिष्ठ नागरिकों को मिला निशुल्क इलाज #300SeniorCitizensReceivedFreeMedicalTreatmentAtHealthCampsForTheElderly #SubahSamachar
