Panipat News: तेज आंधी से 300 खंभे और 100 पेड़ टूटे, टीन शेड गिरने से चार घायल
पानीपत। जिले में रविवार को आई तेज आंधी के कारण बिजली के करीब 300 खंभे और 20 ट्रांसफार्मर गिर गए। इसके अलावा 100 पेड़ टूट गए। वहीं शिवनगर स्थित एक धागा फैक्टरी क्वार्टर के टीन शेड के नीचे दबने से चार लोग घायल हो गए। बिजली निगम की टीम ने सोमवार को खंभों की मरम्मत कर दोपहर बाद तक शहर व गांव की बिजली आपूर्ति सुचारु की। खेतों में छह-सात लाइन अब भी बाधित हैं। वहीं मंडियों में करीब एक लाख मीट्रिक टन गेहूं भीग गया। कई जगह दो-तीन बार गेहूं भीगने से किसानों और आढ़तियों को दाना काला पड़ने का डर सताने लगा है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 11 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इस दाैरान बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर गिरने से शहर समेत पूरे जिले की बिजली गुल हो गई। सोमवार तड़के फिर से बारिश व तेज आंधी शुरू हाे गई और थाना सेक्टर-29 क्षेत्र के शिवनगर में धागा फैक्टरी की दीवार और टीन शेड गिरने से फैक्टरी में सो रहे चार श्रमिक जख्मी हो गए। कृष्णपुरा चौकी के प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि शिवनगर में विशाल की धागा फैक्टरी के टीन शेड के नीचे सो रहे चार श्रमिक जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनको प्राथमिक उपचार के बाद वापस भेज दिया गया। जिले की मंडियों में 346383 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। इसमें से 311589 मीट्रिक टन की खरीद की है। एजेंसियों ने 245198 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया है। रविवार देर रात और सोमवार तड़के तेज बारिश के चलते मंडियों में पड़ा करीब लाख मीट्रिक टन गेहूं भीग गया। ऐसे में आढ़तियों की परेशानी बढ़ गई है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 02:41 IST
Panipat News: तेज आंधी से 300 खंभे और 100 पेड़ टूटे, टीन शेड गिरने से चार घायल #300PolesAnd100TreesWereBrokenByTheStrongStorm #FourWereInjuredWhenATinShedCollapsed. #SubahSamachar
