Korba Accident: तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर, परिजनों में मचा कोहराम

मंगलवार को पाली थाना क्षेत्र में एक ही दिन तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। लगातार हुई घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सभी मामलों में पाली थाना पुलिस जांच कर रही है। पहली घटना पाली थाना क्षेत्र के बिलासपुर-कटघोरा मुख्य मार्ग एनएच 130 पर मुनगाडीह के पास हुई। यहां तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नाजुक हालत में अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन बिलासपुर की ओर से आ रहा था। दूसरी घटना पाली थाना अंतर्गत दीपका-पाली मार्ग पर धौराभाटा के पास हुई। यहां ट्रेलर और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका पाली स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार तेज थी और ओवरटेक के दौरान बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तीसरी घटना पाली थाना के डूमरकछार ओवर ब्रिज हाईवे पर सामने आई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पाली थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है। दो घायलों का इलाज चल रहा है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 10:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
City states Crime Korba



Korba Accident: तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर, परिजनों में मचा कोहराम #CityStates #Crime #Korba #SubahSamachar