Kangra News: तंबाकू नियंत्रण कानून के उल्लंघन पर 28 चालान

धर्मशाला/बैजनाथ/नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। जिले में तंबाकू सेवन पर प्रभावी नियंत्रण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन और फ्लाइंग स्क्वाड टीमों ने शिकंजा कस दिया है। बैजनाथ, धर्मशाला और नगरोटा बगवां में कोटपा अधिनियम और हिमाचल प्रदेश लूज सिगरेट रिटेल रेगुलेशन एक्ट के उल्लंघन पर कुल 28 चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।बैजनाथ उपमंडल के पपरोला, मुख्य बाजार, भट्टू और बैजनाथ कॉलेज के पास ब्लॉक फ्लाइंग स्क्वाड महाकाल ने दबिश दी। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने पर 13 दुकानदारों के चालान कर 2,600 रुपये जुर्माना वसूला। टीम में सीएचसी बीड़ के चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शर्मा, ईटीओ रवीना ठाकुर, खंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रवि स्याल व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।उधर, धर्मशाला में जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराधा के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क फोर्स ने बड़ोल, दाड़ी और धर्मशाला के सार्वजनिक स्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। यहां सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू बिक्री का बोर्ड न लगाने और खुली सिगरेट बेचने पर 5 चालान किए गए। टीम में जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी और ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी शामिल रहीं।वहीं, नगरोटा बगवां में बीएमओ डॉ. रूबी भारद्वाज की अगुवाई में फ्लाइंग स्क्वाड ने राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय, फार्मेसी कॉलेज और सेराथाना के आसपास दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन पर 10 चालान काटे। टीम में राज्य आबकारी व कराधान विभाग से सहायक आयुक्त विनोद, नारकोटिक्स शाखा से रामेश्वर और स्वास्थ्य विभाग से सुशील धीमान व हैप्पी कुमार मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 11, 2026, 18:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: तंबाकू नियंत्रण कानून के उल्लंघन पर 28 चालान #KangraNews #TodayKangraHindiNews #KangraHindiNews #SubahSamachar