Mandi News: माता चिंतपूर्णी दरबार में 18 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
दर्शन के लिए सुबह से लगी लंबी कतारें, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए छायामानसंवाद न्यूज एजेंसी चिंतपूर्णी (ऊना)। श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर करीब 18 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो दोपहर तक होटल संतोष से आगे तक पहुंच गईं।भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए। तेज धूप से बचाव के लिए रास्तों में छायामान लगाए गए, जबकि सुगम दर्शन प्रणाली के माध्यम से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।श्रद्धालु माता की भेंटें गाते और जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। भीड़ अधिक होने के चलते बैरियर से आगे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रखी गई।साप्ताहिक अवकाश के कारण प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी हुई है। पंजाब से सटे होने के कारण चिंतपूर्णी मंदिर में सबसे अधिक संख्या पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं की रहती है।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि शनिवार को करीब 18 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 09, 2026, 16:54 IST
Mandi News: माता चिंतपूर्णी दरबार में 18 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश #18 #000DevoteesPaidObeisanceAtMataChintpurniDarbar #SubahSamachar
