Una News: माता की भेंटें गाते हुए 18 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

चिंतपूर्णी (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले के पांचवें दिन 18 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन निरंतर जारी रहा। श्रद्धालु भक्ति भाव से मंदिर पहुंच रहे हैं। पंजाब के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। श्रद्धालु माता की भेंटें गाते हुए जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं जिससे सारा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। हालांकि रविवार की भांति लंबी लाइनें नहीं दिखीं। पहले चार नवरात्र के दौरान 40 लाख 71 हजार रुपये की नकदी श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर न्यास को प्राप्त हुई है। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि सोमवार को 18 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालु सुव्यवस्थित रूप से मंदिर पहुंच कर हाजिरी भर रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों राजेश कुमार, रमन, संजीव, मदन इत्यादि ने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान बाजार में श्रद्धालुओं की रौनक बनी हुई है। जिस कारण मंदी से दुकानदार उभर रहे हैं। दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं रवि, पंकज, रमेश, सुक्खा इत्यादि ने बताया कि सोमवार को ज्यादा भीड़ नहीं थी जिस कारण उन्हें ज्यादा देर तक लाइनों में अपनी बारी की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी। नवरात्र पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को होटल, ढाबों पर विशेष प्रकार के व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हालांकि पांचवें दिन श्रद्धालुओं की संख्या में रविवार की तुलना में कुछ कमी देखी गई लेकिन इसके बावजूद भक्तों का उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं आई। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पहले पांच दिनों में करीब 80 हजार श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर न्यास द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 23, 2026, 19:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: माता की भेंटें गाते हुए 18 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar