Kangra News: डायरिया की चपेट में आए 16 लोग अस्पताल में भर्ती, आठ प्राकृतिक जलस्रोतों से भरे सैंपल

धीरा (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनापर में एक शादी समारोह के दौरान धाम खाने के बाद डायरिया फैल गया है। शनिवार देररात से शुरू हुए इस घटनाक्रम में अब तक कुल 30 लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 16 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। उधर, जलशक्ति विभाग ने आठ प्राकृतिक जलस्रोतों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।बीमारी फैलने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने आयुर्वेदिक औषधालय पनापर में एक अस्थायी कैंप लगा दिया है। धीरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बिस्तरों की कमी के कारण प्रशासन को मरीजों को अन्यत्र शिफ्ट करना पड़ा है। 10 मरीजों का इलाज धीरा में चल रहा है, जबकि चार मरीजों को भवारना अस्पताल भेजा गया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए 2 मरीजों को पालमपुर अस्पताल रेफर किया गया है। एसएमओ धीरा डॉ. नवनीत चौहान और बीएमओ भवारना डॉ. नवीन राणा ने कहा कि टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।जलशक्ति विभाग ने नलों के माध्यम से दूषित पानी की आपूर्ति की आशंका से मना किया है, लेकिन एहतियात के तौर पर आठ प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। अधिशासी अभियंता संजीव चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के सभी जलस्रोतों की सफाई कर उनमें क्लोरीन और अन्य दवाइयां डाल दी गई हैं और एक विशेष टीम मौके पर तैनात है।संजय चौहान ने जाना मरीजों का हालचालप्रदेश कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने सोमवार को भवारना और धीरा अस्पतालों का दौरा कर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने एसडीएम और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में जो कमियों के उन्हें जल्द दूर किया जाएगा।मरीजों को हर संभव उपचार दें विभाग : परमारविधायक ने जताई चिंता स्थानीय विधायक विपिन सिंह परमार ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मरीजों को हर संभव उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 09, 2026, 20:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: डायरिया की चपेट में आए 16 लोग अस्पताल में भर्ती, आठ प्राकृतिक जलस्रोतों से भरे सैंपल #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar