Kullu News: चुनाव मैदान से 1562 हटे पीछे, 4098 प्रत्याशियों में होगा मुकाबला

पंचायत चुनाव की तस्वीर---जिला परिषद के लिए 53, प्रधान पद के लिए 870 उम्मीदवारों में होगी टक्कर संवाद न्यूज एजेंसी कुल्लू। पंचायत चुनाव के लिए नाम वापसी के बाद अब तस्वीर साफ हो गई है। जिले में 1562 प्रत्याशियों ने जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान सहित वार्ड सदस्य पद के लिए जताई दावेदारी से नामांकन वापस ले लिया है। जबकि 4098 प्रत्याशी अब मैदान में डटे हैं। इन्हीं के बीच विभिन्न पदों के लिए टक्कर होगी। दो दिन तक चली प्रक्रिया में 15 मई को सबसे अधिक प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए हैं। नाम वापसी में जिला परिषद की बात करें तो कुल 65 प्रत्याशियों की ओर से किए नामांकन के बाद 12 ने मैदान छोड़ दिया है। 14 वार्डाें की जिला परिषद कुल्लू में अब 53 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला होगा। पंचायत समिति के लिए 412 नामांकन आए थे और 68 ने अपना नाम वापस लिया है। 344 उम्मीदवार अब चुनावी रण में अपनी किस्मत अजमाएंगे। प्रधान पद की बात करें तो इसके लिए कुल 1284 आवेदन आए थे और 414 ने नामांकन वापस ले लिया है। अब 870 प्रत्याशी मैदान में हैं। उपप्रधान के लिए 1181 ने नामांकन किया था। अब मैदान में 462 अपना भाग्य अजमाएंगे। पंचायत के वार्ड सदस्य के लिए 2718 ने नामांकन पत्र दाखिला किया था। 606 ने नामांकन वापस लिया और अब 2112 प्रत्याशी चुनावी समर में डटे हुए हैं। नामांकन वापस लेने के बाद गांव की संसद की तस्वीर साफ हो गई। वार्ड सदस्य से लेकर जिला परिषद के लिए प्रत्याशी वोटरों को रिझाने में जुट गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि 14 और 15 मई को 1562 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। अब 4098 प्रत्याशी मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तरह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 16, 2026, 16:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: चुनाव मैदान से 1562 हटे पीछे, 4098 प्रत्याशियों में होगा मुकाबला #1562CandidatesWithdrewFromTheElectionField #4098CandidatesWillContest. #SubahSamachar