Una News: माता चिंतपूर्णी मंदिर में 15 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेक की पूजा-अर्चना
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार को तीसरे नवरात्र पर 15 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और पूजा अर्चना की। शनिवार को पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश से पीत वस्त्र धारण किए ज्यादातर श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा और दिल्ली से भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। शनिवार को दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें पुराने बस स्टैंड तक पहुंच गईं। श्रद्धालुओं को लगभग दो घंटे का समय मां के दर्शन करने के लिए लग रहा था। रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत बढ़ने की उम्मीद है। चिंतपूर्णी के होटल, ढाबों पर नवरात्रि के दौरान व्रत का खाना विशेष रूप से परोसा जा रहा है। इसमें व्रत वाले पकौड़े, खीर, पूरी इत्यादि शामिल हैं। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि शनिवार को 15 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रशासन ने उचित व्यवस्थाएं की हैं। डीसी ऊना जतिन ने बताया कि नवरात्र के दौरान ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मंदिर न्यास को छोड़कर अन्य द्वारा लाउडस्पीकर के इस्तेमाल करने पर पूर्ण मनाही रखी है। मेले के दौरान ब्रॉस बैंड, ड्रम, लंबे चिमटे इत्यादि के लाने पर भी पूर्ण पाबंदी है। यदि कोई व्यक्ति इन वस्तुओं को अपने साथ लाता है तो उन्हें पुलिस द्वारा स्थापित बैरियर पर ही जमा करवाएं। साथ ही इस दौरान पॉलिथीन के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध है। खुले में और सड़क किनारे लंगर लगाने पर भी प्रतिबंध है और आतिशबाजी इत्यादि की भी अनुमति नहीं है। इस दौरान अगर कोई जारी किए गए निर्देशों की अवहेलना करता है तो प्रशासन और पुलिस से शिकायत करें। मंदिर अधिकारी ने श्रद्धालुओं को बांटी चुनरियां, भक्त हुए खुशसंवाद न्यूज एजेंसीभरवाईं (ऊना)। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मां चिंतपूर्णी के दरबार में मंदिर प्रशासन की ओर से एक अनोखी पहल देखने को मिली। चिंतपूर्णी मंदिर के अधिकारी संजीव प्रभाकर ने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को चुनरियां वितरित कीं। मंदिर प्रशासन की इस पहल से भक्त बेहद खुश नजर आए। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि मां चिंतपूर्णी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और बड़ी संख्या में भक्त माता रानी को चुनरियां अर्पित करते हैं। इसी कारण मंदिर न्यास के पास चुनरियों का काफी अधिक स्टाक एकत्रित हो गया था।उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए और इन चुनरियों का सदुपयोग करने के उद्देश्य से तीसरे नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों को चुनरियां वितरित की गईं। मंदिर प्रशासन की इस पहल से श्रद्धालु बेहद प्रसन्न दिखाई दिए और उन्होंने इसे एक सराहनीय कदम बताया। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर की इस सोच और पहल की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 17:54 IST
Una News: माता चिंतपूर्णी मंदिर में 15 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेक की पूजा-अर्चना #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
