CAPF: अर्धसैनिक बलों में ई-आवास वेब पोर्टल से 146566 पारिवारिक आवास आवंटित, BSF-CRPF को मिले सर्वाधिक क्वार्टर
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में ई-आवास वेब पोर्टल के जरिए आवास आवंटित किए जा रहे हैं। यह योजना एक सितंबर 2022 को लांच की गई थी। इसके जरिए अभी तक केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और असम राइफल के कार्मिकों को 146566 पारिवारिक आवास आवंटित किए गए हैं। इनमें से सर्वाधिक आवास, देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' और रक्षा की पहली पंक्ति यानी बीएसएफ को अलॉट किए गए हैं। सीएपीएफ और असम राइफल के कर्मियों को अंतर-बल आवंटन के माध्यम से कुल 1324 आवास आवंटित किए गए हैं। फिलहाल असम राइफल को ई-आवास वेब पोर्टल के जरिए 7611 आवास, बीएसएफ को 48854, सीआईएसएफ को 7066, सीआरपीएफ को 50812, आईटीबीपी को 18324 और एसएसबी को 13899 आवास आवंटित किए गए हैं। बुधवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी है। बता दें कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) और पुलिस संगठनों के कार्मिकों को पर्याप्त संख्या में आवास सुविधा मिलें, इसके लिए 2026-27 के बजट में 5040.87 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में केंद्रीय बलों में आवास मुहैया कराने के लिए 1894.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। पिछले साल के बजट में इस राशि को 4038.70 करोड़ रुपये कर दिया गया। हालांकि रिवाइज बजट में यह राशि 3508.22 करोड़ रुपये हो गई थी। इस बार के बजट में मंजूर हुई 5040.87 करोड़ रुपये की राशि से बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, असम राइफल और एनएसजी के लिए नए आवास तैयार होंगे। इनके अलावा केंद्र के दूसरे पुलिस संगठन, जिसमें कई जांच एजेंसियां भी शामिल हैं, उनके लिए भवन या आवास भी इसी राशि से बनाए जाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 17:02 IST
CAPF: अर्धसैनिक बलों में ई-आवास वेब पोर्टल से 146566 पारिवारिक आवास आवंटित, BSF-CRPF को मिले सर्वाधिक क्वार्टर #IndiaNews #National #Capf #CentralArmedPoliceForces #Bsf #SubahSamachar
