UP: बरेली के सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, 35 मिनट तक दहशत में रहे, किशोरी हुई बेहोश
बरेली के चौकी चौराहा स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट रविवार रात 9:24 बजे बिजली गुल होने से अटक गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच 13 लोग 35 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। एक किशोरी बेहोश भी हो गई। बाहर से कोई मदद नहीं मिली तो अंदर मौजूद युवकों ने लिफ्ट को तोड़ना शुरू कर दिया। बाहर से भी लोगों ने मदद की। तब जाकर लोग बाहर निकल सके। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों के बयान लिए और कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है। यह मामला मॉल के फर्स्ट फ्लोर का है। रविवार को अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां मूवी देखने और घूमने आए थे। मूवी फ्लोर और सेकंड फ्लोर से होते हुए लिफ्ट जैसे ही फर्स्ट फ्लोर की ओर बढ़ी, बिजली गुल हो गई। इस दौरान लिफ्ट के भीतर तीन बच्चों, चार महिलाओं समेत 13 लोग मौजूद थे। इन लोगों ने पहले लिफ्ट खुलने का इंतजार किया, फिर हेल्प हेल्प की आवाजें गूंजने लगीं। लिफ्ट का गेट तोड़कर बाहर निकले कुछ युवकों ने लिफ्ट के भीतर लिखे सिक्योरिटी इंचार्ज के नंबर पर आठ से दस बार कॉल की, पर कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान बिहारीपुर निवासी शालिनी (17) बेहोश हो गई। इसके बाद अंदर फंसे पुरुषों ने लिफ्ट का गेट तोड़ना शुरू कर दिया। फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद लोग भी जुट गए। सिक्योरिटी और मॉल के अन्य कर्मी भी पहुंच गए। सबने मिलकर किसी तरह लिफ्ट का गेट तोड़ा तो लोग बाहर निकाल सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 03:03 IST
UP: बरेली के सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, 35 मिनट तक दहशत में रहे, किशोरी हुई बेहोश #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #CityCentreLaMallBareilly #Lift #People #SubahSamachar
