Chamba News: 115 गांवों में अभी भी अंधेरा, 25 सड़कों पर यातायात ठप
चंबा। जिले में बर्फबारी एक सप्ताह बाद भी लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिजली व्यवस्था ठप होने से 115 गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं, 25 मार्गों पर यातायात व्यवस्था ठप है। जिले में 10 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। जिस वजह लोगों को अपने और मवेशियों को दूरस्थ स्थानों से पानी बर्फ पर चल कर लाना पड़ रहा है। वहीं, विभागीय मशीनरी और लेबर पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारु करने में जुटी है। जिले में शनिवार सुबह 37 खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य आरंभ हुआ। बोर्ड कर्मियों ने बेहतर कार्य करते हुए 14 ट्रांसफार्मर सुचारु करवा कर 70 गांवों में बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया।अब जिला के डलहौजी में दो, तीसा में 6, सलूणी में 4, भरमौर में 11 ट्रांसफार्मर खराब होने से 115 गांव अंधेरे में हैं। बिजली सप्लाई बंद होने से लोगों को अपने मोबाइल चार्ज करने के लिए मीलों का सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बोर्ड प्रबंधन से जल्द से जल्द ग्रामीण क्षेत्राें में बिजली सप्लाई सुचारु करवाने की मांग उठाई है। जिला में 32 मार्गों को बहाल करने के लिए विभागीय मशीनरी और टीमें जुटीं। देर शाम तक 7 मार्गों को यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया है। अब महज 25 मार्ग यातायात के लिए बहाल करवाना बाकी हैं। पांगी में 20, भरमौर में 2, सलूणी, तीसा और डलहौजी में एक-एक मार्ग बर्फबारी और भूस्खलन के कारण बंद हैं। मार्गों के बंद होने लोगों खासकर नौकरीपेशा, स्कूली बच्चों और दिहाड़ीदार लोगों को बर्फ पर पैदल चल गंतव्यों तक पहुंचना पड़ रहा है। बर्फबारी के कारण पांगी में 11, तीसा में 6, सलूणी में 4 और डलहौजी में दो पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बर्फबारी के चलते बढ़ी दिक्कतों को दूर करने के लिए विभागीय टीमें फील्ड में डटी हुई हैं। उन्होंने जल्द व्यवस्थाएं पटरी पर लौटने की उम्मीद जताई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 31, 2026, 23:37 IST
Chamba News: 115 गांवों में अभी भी अंधेरा, 25 सड़कों पर यातायात ठप #ChambaNews #ChambaTodayNews #ChambaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
