Kangra News: शक्तिपीठों में उमड़े 10,600 श्रद्धालु, ज्वालामुखी में सबसे अधिक रौनक
ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा। जिला कांगड़ा के प्रमुख शक्तिपीठों में रविवार को कुल 10,600 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। सबसे अधिक भीड़ विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में रही, जहां 6500 भक्तों ने ज्योतियों के दर्शन किए। वहीं, ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में 3500 और चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 600 श्रद्धालुओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई। मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शनों के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे, जिससे भक्तों को किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। उन्होंने आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रों की तैयारियों की भी जानकारी दी। इसी सिलसिले में विधायक संजय रत्न ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में खासी गिरावट दर्ज की गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार वार्षिक परीक्षाओं के चलते स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। वर्तमान में केवल बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक ही मंदिर पहुंच रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 19:32 IST
Kangra News: शक्तिपीठों में उमड़े 10,600 श्रद्धालु, ज्वालामुखी में सबसे अधिक रौनक #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
