Panipat News: 10 साल का बच्चा 20 एकड़ जमीन का मालिक, पालने वालों ने छोड़ा साथ
पानीपत। समाज में जमीन के टुकड़े के लिए रिश्तों के कत्ल के तमाम मामले सुनने को मिलते हैं। लेकिन, पानीपत में ऐसा मामला सामने आया है कि जिसमें 20 एकड़ जमीन का मालिक होने के बाद भी 10 साल के बच्चे को पालने वालों ने हाथ खड़े कर दिए। बच्चे के सगे ताऊ बढ़ती उम्र का हवाला देकर बच्चे को बाल कल्याण समिति को सौंप गए। उनका कहना है कि कुछ लोग व रिश्तेदार बच्चे की जमीन पर भी कब्जा करने की फिराक में हैं। बाल कल्याण समिति ने बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। बाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार दत्त कौशिक ने बताया कि दो दिन पहले इसराना क्षेत्र के एक बुजुर्ग 10 साल के बच्चे को लेकर उनके कार्यालय में आए। उनका कहना है कि उनके छोटे भाई की वर्ष 2022 में मृत्यु हो चुकी है और उनकी पत्नी इकलौते बेटे को छोड़कर चली गई है। जिसका लालन-पालन वह कर रहे हैं। लेकिन, बढ़ती उम्र के कारण वह बच्चे की देखभाल नहीं कर पा रहे। उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता के नाम पर 20 एकड़ से अधिक जमीन है, जिसका वारिस अब 10 साल का बच्चा है। उनकी जमीन पर लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। जिसमें उनके परिवार के कुछ सदस्य और करीबी लोग भी शामिल हैं। कुछ जमीनों को लोगों ने धोखाधड़ी कर अपने नाम करा लिया है। इसके मामले अदालत में भी चल रहे हैं। उन्होंने बच्चे को समिति को सौंपकर उनका पालन करने की मांग की। जिसके बाद बाल कल्याण समिति ने बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर बालगृह भेज दिया। बाॅक्सबच्चे का स्कूल में कराया जाएगा दाखिलाबाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार दत्त कौशिक ने बताया कि बच्चे को समिति के संरक्षण में लिया गया है। बच्चे का स्कूल में दाखिल कराया जाएगा। समिति बच्चे की पढ़ाई कराएगी। बालिग होने तक उसकी संपत्ति की भी देखभाल की जाएगी। जिससे बच्चे के हितों की रक्षा की जा सके। -----
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 02:52 IST
Panipat News: 10 साल का बच्चा 20 एकड़ जमीन का मालिक, पालने वालों ने छोड़ा साथ #10-year-oldBoyOwns20AcresOfLand;GuardiansHaveAbandonedHim. #SubahSamachar
