Una News: 10 दिवसीय शिव संदेश यात्रा का शुभारंभ किया

संवाद न्यूज एजेंसीऊना। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में जिला ऊना में विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में 10 दिवसीय शिव संदेश यात्रा का शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से विभिन्न स्थानों और शिक्षण संस्थानों में महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक एवं जीवन-मूल्य संदेश का प्रचार किया जा रहा है। शिव संदेश यात्रा के ब्रह्माकुमारीज जिला केंद्र रक्कड़ कॉलोनी में पहुंचने पर विशेष समारोह आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से जारी ईश्वरीय ज्ञान संदेश का वाचन कर उस पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शिव ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन की रस्म भी संपन्न हुई।समारोह में जिला प्रभारी आशा दीदी, मैहतपुर केंद्र की प्रभारी बबिता बहन, अवदेश भाई, सवारी टकोली केंद्र से ज्योति बहन, अशोक भाई, चेतन भाई, राम किशन भाई, ऊनकोफैड चेयरमैन राजेंद्र शर्मा और अन्य क्षेत्रीय भाई-बहन उपस्थित रहे। आशा दीदी ने उपस्थितजनों को जीवन में पवित्रता अपनाने का संकल्प दिलवाया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व और आत्म-परिवर्तन पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि परमपिता शिव मानव आत्मा को पवित्रता, शांति और शक्ति का संदेश देते हैं और हमें श्रेष्ठ संस्कार एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं। अंत में राजयोग ध्यान साधना कराई गई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति से भर गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 08, 2026, 19:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 10 दिवसीय शिव संदेश यात्रा का शुभारंभ किया #10-dayShivSandeshYatraLaunched #SubahSamachar